धिकुड़िया को राजस्व ग्राम पंचायत बनाने के लिए ग्रामीणों ने की मांग

भास्कर न्यूज | कवर्धा कवर्धा प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। साथ ही प्राथमिकता के आधार पर समाधान का भरोसा दिलाया। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में लोहारा से पिपरिया क्षेत्र तक के ग्रामीण पहुंचे। इस दौरान ग्राम धमकी के ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री शर्मा से विशेष आग्रह करते हुए कहा कि ग्राम धमकी राजस्व ग्राम बड़ा है। इस ग्राम के मोहल्ला धिकुड़िया को पृथक राजस्व ग्राम पंचायत बनाया जा सकता है। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने इसके अलावा सड़कों की मरम्मत, पेयजल सुविधा, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा से जुड़ी कई समस्याएं भी रखीं। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र, ग्राम पंचायतों में आयोजित सामाजिक, धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए आमंत्रण भी दिया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करके हर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार इस दिशा में काम भी कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *