भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ धालभूमगढ़ चौक स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा के पीछे सुनील कुमार अग्रवाल के राइस मिल से लगातार काला डस्ट उड़ने से आसपास के ग्रामीण व दुकानदार परेशान हैं। मिल से निकलने वाला यह डस्ट (जला हुआ भूसा) न केवल चारों ओर प्रदूषण फैला रहा है बल्कि लोगों की सेहत पर भी बुरा असर डाल रहा है। ग्रामीणों का कहना हैं कि पिछले कई महीनों से मिल से निकलने वाला काला डस्ट आसपास के घरों, दुकानों और सड़कों पर जम रहा है। सुबह से शाम तक हवा के साथ यह उड़कर चारों ओर फैल जाता है। स्थिति यह है कि ग्रामीणों के घर के दरवाजे, खिड़कियां, फर्नीचर व बर्तन तक इस डस्ट की परत से ढक जाते हैं। लगातार प्रदूषण के कारण बच्चों और बुजुर्गों को आंखों में जलन, खांसी, सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं हो रही हैं। शुक्रवार को परेशान ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल अंचल कार्यालय पहुंचा और अंचल अधिकारी मनोहर लिंडा को लिखित शिकायत सौंपी। शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने उल्लेख किया कि राइस मिल मालिक को कई बार मौखिक रूप से समस्या बताई गई थी। लेकिन अब तक डस्ट रोकने की कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इस कारण लोगों को प्रदूषण का दंश झेलना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने अपनी शिकायत में यह भी कहा कि अगर मिल से निकलने वाले डस्ट की रोकथाम के लिए प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता है तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को विवश होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान गुलशन कुमार, अनूप दास, पवित्र मान्ना, चंदन मुखर्जी, विशाल राव, छोटू राणा सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।


