रामगढ़ के भुरकुंडा में ताबड़तोड़ फायरिंग:राहुल दुबे गैंग के दो नकाबपोश बदमाशों ने रंगदारी के लिए चलाई गोलियां, पर्चा छोड़कर फरार

रामगढ़ जिले के भुरकुंडा सीसीएल सौंदा साइडिंग में शुक्रवार की देर रात अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना ठेकेदार पप्पू जैन के क्रेशर के पास हुई, जहां दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने चार राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, बाइक चला रहे एक बदमाश ने क्रेशर के नजदीक गाड़ी रोकी। इसके बाद पीछे बैठे अपराधी ने पिस्तौल निकालकर चार फायर किए। गोलीबारी होते ही लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस बीच अपराधी मौके पर पर्चा फेंककर फरार हो गए। पर्चे में राहुल दुबे गैंग का नाम दर्ज था, जिससे पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे उसी गिरोह का हाथ हो सकता है। नाकेबंदी कर पुलिस ने शुरू की तलाश सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। देर रात तक पुलिस की गश्ती टीमें अलग-अलग स्थानों पर जांच करती रहीं, लेकिन अपराधियों का सुराग नहीं मिल पाया। घटना के बाद सीसीएल सौंदा की बी साइडिंग को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया। साइडिंग बंद होने से सीसीएल की कोयला ट्रांसपोर्टिंग भी प्रभावित हुई, जिससे उत्पादन और आपूर्ति पर असर पड़ा। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से कोयला क्षेत्रों में ठेकेदारों और कंपनियों को टारगेट कर आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कुछ दिन पहले राहुल दुबे गैंग ने सयाल डी परियोजना में कार्यरत एक आउटसोर्सिंग कंपनी के गेट पर भी फायरिंग की थी। ठेका कंपनियों में दहशत, काम प्रभावित होने का डर लगातार हो रही घटनाओं से ठेका कंपनियों के बीच दहशत का माहौल है। कंपनियों का कहना है कि पुलिस अगर ठोस कार्रवाई नहीं करती तो कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही ठेका कंपनियों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाने की बात भी कही गई है। फिलहाल इस घटना ने पूरे भुरकुंडा और आसपास के क्षेत्रों में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *