राज्यपाल व सीएम से मीटिंग को वेटरनरी स्टूडेंट्स यूनियन ने डीसी को सौंपा मांग पत्र

भास्कर न्यूज | लुधियाना वेटरनरी स्टूडेंट्स यूनियन ने डिप्टी कमिश्नर लुधियाना को एक मांग पत्र सौंपा है, जिसमें वेटरनरी इंटर्न डॉक्टरों के भत्ते में बढ़ोतरी से जुड़ी लंबे समय से लंबित मांग का तुरंत समाधान करने की अपील की गई है। यूनियन ने पत्र में राज्यपाल पंजाब (जो यूनिवर्सिटी के चांसलर भी हैं) से शनिवार होने वाले दौरे के दौरान मीटिंग की मांग रखी है। इसके साथ ही यूनियन ने वित्त मंत्री पंजाब से मुलाकात और मुख्यमंत्री पंजाब के साथ पैनल मीटिंग की भी अपील की है, ताकि इस मसले पर विस्तार से चर्चा की जा सके। फिलहाल पंजाब में वेटरनरी इंटर्न्स को 500 रुपए प्रतिदिन भत्ता दिया जा रहा है। यूनियन का कहना है कि यह राशि बेहद कम और अन्यायपूर्ण है, खासकर इस बात को ध्यान में रखते हुए कि इंटर्न वेटरनरी डॉक्टरों से कितनी जिम्मेदारियां, कार्यभार और समर्पण की उम्मीद की जाती है। यूनियन ने इसे न सिर्फ राज्य के एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न्स से कम बताया बल्कि हरियाणा (लुवास), राजस्थान (राजुवास) और उत्तर प्रदेश (बीएचयू) जैसे पड़ोसी राज्यों के वेटरनरी इंटर्न्स से भी काफी कम करार दिया। यूनियन ने अपनी मांग दोहराते हुए कहा है कि स्टाइपेंड को बढ़ाकर 24,310 प्रतिमाह किया जाए। पिछले कुछ महीनों में यूनियन प्रतिनिधियों ने प्रशासन और सरकार के उच्च अधिकारियों से कई बार बातचीत की है, जिसमें पशुपालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के साथ मुलाकातें शामिल हैं। हालांकि, इन बैठकों के बावजूद अभी तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। अपनी मांगों को मजबूती देने के लिए यूनियन ने 25 अगस्त 2025 को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक गडवासू वेटरनरी हॉस्पिटल में शांतिपूर्ण रोष प्रदर्शन भी किया था। इसके बावजूद मामला अब तक अटका हुआ है। सौंपे गए पत्र के जरिए वेटरनरी स्टूडेंट्स यूनियन ने राज्यपाल, वित्त मंत्री और मुख्यमंत्री पंजाब से बैठक करने की अपील की है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर आने वाले दिनों में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो वह अपना आंदोलन और तेज करने के लिए मजबूर होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *