हर शुक्रवार, डेंगू पर वार:428 टीमों का बाढ़ प्रभावित इलाकों में चला बड़ा अभियान

भास्कर न्यूज़ | लुधियाना राज्य स्तर पर चल रहे डेंगू विरोधी अभियान हर शुक्रवार, डेंगू पर वार के तहत लुधियाना में स्वास्थ्य विभाग ने वर्षा और बाढ़ प्रभावित इलाकों में व्यापक अभियान चलाया। विशेष ध्यान चंदर नगर क्षेत्र पर केंद्रित रहा, जो बुड्ढा नाले के समीप स्थित है। यहां असिस्टेंट सिविल सर्जन डॉ. विवेक कटारिया ने स्वयं टीमों का नेतृत्व किया और घर-घर जाकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां भी मच्छरों का लार्वा पाया गया, उसे तुरंत नष्ट कर दिया गया। टीमों ने लोगों को समझाया कि घर के आसपास पानी जमा न होने दें, गमलों, कूलरों और छतों पर रखे बर्तनों में नियमित सफाई करें। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि डेंगू से बचाव के लिए व्यक्तिगत सतर्कता सबसे जरूरी है। इस अभियान के दौरान कुल 428 टीमें तैनात की गईं, जिन्होंने 18,138 घरों का निरीक्षण किया। कुल 36,915 कंटेनरों की जांच की गई, जिनमें से 99 घरों और 106 कंटेनरों में डेंगू का लार्वा मिला। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सभी प्रजनन स्थलों को वहीं पर नष्ट कर दिया ताकि मच्छरों की संख्या न बढ़ पाए।जागरूकता से ही होगा डेंगू पर काबू इस अवसर पर असिस्टेंट सिविल सर्जन डॉ. विवेक कटारिया ने कहा कि डेंगू का फैलाव रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है। हमारी टीमें रोजाना घर-घर पहुंच रही हैं और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म कर रही हैं। लेकिन इस लड़ाई को जीतने के लिए लोगों का सहयोग सबसे जरूरी है। हर नागरिक को अपने घर और आस-पड़ोस की सफाई का ध्यान रखना चाहिए और कहीं भी रुका हुआ पानी नहीं रहने देना चाहिए। अभियान में डॉ. आदित्य प्रकाश सिंगला एमओ, राजिंदर सिंह डिप्टी मास मीडिया अधिकारी, सतिंदर सिंह एम.पी.एच.एस. और अमनजोत मेहरा भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर लोगों को डेंगू विरोधी सुरक्षा संदेश दिया। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि लोग न सिर्फ स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें, बल्कि अपने घरों व आसपास की सफाई पर भी विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि डेंगू से बचाव पूरी तरह संभव है यदि हम सभी मिलकर सतर्कता बरतें और अपने आसपास मच्छरों को पनपने न दें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *