लुधियाना के गिल रोड स्थित सरिया कारोबारी के दफ्तर में लूट का मामला सामने आया है। लूट की वारदात में करीब 50 लाख रुपए जबरन तेजधार हथियार के दम पर ले जाने का आरोप अनिल कुमार ने अपने पुराने वर्कर पर लगाया है। घटना शुक्रवार शाम लगभग साढ़े 5 बजे हुई, जब दफ्तर में अनिल कुमार मौजूद थे तभी सामने से दोषी तेजधार हथियार ले कर अंदर घुस गया। पीड़ित कर्मी अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि आरोपी के हाथ में दातर (तेज़ हथियार) था। उसने उसकी गर्दन पर दातार रखकर धमकाया और डर के माहौल में करीब 50 लाख रुपए जबरन ले गया। आरोपी लाल रंग की टी-शर्ट और काले रंग का बैग लेकर आया था, जिसमें वह रुपए भरकर बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच अधिकारी प्यारा सिंह ने बताया कि यह पूरी वारदात दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फिलहाल फुटेज कब्जे में ले ली गई है और पुलिस ने मामले की जांच हर एंगल से शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामला प्रारंभिक जांच में संदिग्ध लग रहा है, क्योंकि जिस वर्कर से रुपए लूटे गए, उससे भी गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।


