टोंक में जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण हिस्सों में रविवार को लगातार 7वें दिन भी बादल और हल्का कोहरा छाया। साथ ही गलन बढ़ने और शीतलहर चलने से लोग काफी परेशान रहे। इस सर्दी और गलन से बचने के लिए लोग अलाव तापते भी नजर आए।
वहीं आशिकांश लोग तो जरूरी कामकाज को छोड़कर घरों से कम ही निकले। सुबह के समय बाहर जाने वाले कामकाजी लोग और शिक्षक भर्ती परीक्षा देने जाने वालों को भी सर्दी से परेशान होना पड़ा। उधर गलन और शीतलहर का असर बढ़ने से न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान भी गिरा है। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा है। वहीं अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार है। आज सुबह 8 बजे का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस, 9 बजे 12 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह 9 बजे तक भी बादल छाने से सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। विलिजिबिलिटी 40-50 मीटर रही। ज्ञात रहे कि इस साल करीब सवा माह से सर्दी का मौसम बना हुआ है, लेकिन सात दिन से मौसम में गलन बढ़ी हुई थी। दो दिन से तो यह ज्यादा ही बढ़ी हुई है। इसके चलते लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। लोग सुबह के समय जरूरी कार्यो से ही घरों के बाहर आ-जा रहे है। सूर्य के दर्शन नहीं होने से लोग कड़क धूप के लिए तरस रहे है। इसके चलते लोग सर्दी से बचाव करते दिख रहे है। कई जगह अलाव जलाते लोग दिख रहे है।


