शाजापुर जिले के ग्राम उकावता में रविवार सुबह एक ट्रेलर सड़क के किनारे ढ़ाबे के पास स्थित बिजली के पोल से टकरा गया। जिसके कारण तारों से आग की चिंगारी निकलने लगी और तारों में फाल्ट हो गया। फाल्ट होने से पूरे क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद हो गई। ट्रेलर 33 केवी की हाईटेंशन लाइन से टकराया, गनीमत रही कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना की जानकारी लगते ही उकावता चौकी पुलिस और बिजली कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बिजली कंपनी के कर्मचारियों द्वारा लाइन को सुधारने का काम चल रहा है। उकावता ग्रिड में आने वाले 8 से 10 गांवों में विद्युत आपूर्ति बंद है। बिजली कंपनी के कर्मचारी टूटे हुए तारों को जोड़कर बिजली चालू करने में लगे हुए हैं। बिजली बंद होने से सुबह से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई और इससे जुड़े काम प्रभावित हो रहे हैं। घरों में अंधेरा छाया हुआ है। किसान खेतों में सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। उकावता चौकी प्रभारी रमेश यादव ने बताया चौकी के नजदीक एक ढाबा स्थित है। ढाबे के पास सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में एक ट्रेलर घुस गया। यहां से 33 केविए की हाईटेंशन लाइन निकल रही है। तारों में फाल्ट होने से आठ से दस गांवों की बिजली बंद है, बिजली कंपनी के कर्मचारियों द्वारा सुधार कार्य किया जा रहा है।


