नागौर का राज्यस्तरीय पशु मेला 30 जनवरी से:23 व 24 को दुकानों की नीलामी, 28 को चौकियां स्थापित होंगी, 12 फरवरी को होगा समापन

नागौर में हर वर्ष लगने वाले राज्य स्तरीय रामदेव पशु मेले की कार्यकारिणी समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित की अध्यक्षता में हुई बैठक में पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. महेश कुमार मीणा ने बताया कि माघ शुक्ल प्रथमा से लेकर पूर्णिमा तक यानि 30 जनवरी से 12 फरवरी 2025 तक मेले का आयोजन होगा। इसके लिए 28 जनवरी से चौकियां स्थापित की जाएंगी। वहीं 30 जनवरी को झंडारोहण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 3, 4 व 5 फरवरी को सांस्कृतिक कार्यक्रम नगर परिषद, पशुपालन विभाग व पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित किए जाएंगे। मेले में प्रदर्शनियां व पशु प्रतियोगिताएं तथा पारितोषिक वितरण भी किया जाएगा। जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने बताया कि 23 व 24 जनवरी को दुकानों की नीलामी की जाएगी। साथ ही मेले के लिए परिवहन व्यवस्था, पशुपालकों के लिए खाने की उचित व्यवस्था के लिए दुकानों की नीलामी, पानी के हौज की मरमत, बिजली व्यवस्था आदि कार्य समय पर पूर्ण किए जाएंगे। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि मेले के दौरान आयोजित होने वाली पशु प्रतियोगिताओं व सांस्कृतिक कार्यक्रम में विशेष एहतियात बरतें तथा असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस विभाग तत्परता से कार्य करें। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परिवहन को लेकर उचित व्यवस्था रखें तथा मेले के लिए पहले से रोड मैप तय कर लें। जिला कलेक्टर पुरोहित ने कहा कि पशुपालन विभाग टीम बनाकर कार्य करें। पशुओं के परिवहन व ओवरलोडिंग की शिकायत ना आएं। साथ ही मेले में खाद्य व्यवस्था एवं चारा डिपो की उचित व्यवस्था हो। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग अधिकारियों को पानी की हौज की मरम्मत करवाने के लिए भी निर्देशित किया। साथ ही डिस्कॉम के अधिकारियों को मेला परिसर के लिए बिजली व्यवस्था तथा आपातकालीन स्थिति में जनरेटर की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कलक्टर ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को मेले के लिए पर्याप्त एंबुलेंस की व्यवस्था रखने, पुलिस विभाग के अधिकारियों को संपूर्ण कानून व्यवस्था बनाए रखने, जलदाय विभाग के अधिकारियों को पानी की उचित व्यवस्था करने सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *