बालाघाट जिले में शनिवार की देररात 6 तहसीलो में बारिश हुई। जिसमें सबसे ज्यादा बारिश परसवाड़ा तहसील में 25.2 मिमी और सबसे कम वर्षा 3 मिमी लालबर्रा में दर्ज की गई है। दरअसल, इन दिनों जिले में धान उपार्जन का काम चल रहा है। जिससे बारिश से सबसे ज्यादा खतरा, सोसायटियों में किसानों से खरीदे गए धान के नुकसान होने का है। हालांकि, बीते दिनों से प्रशासन ने जिले की सोसायटियों में मौसम को देखते हुए बारिश से उपार्जित धान को बचाने के निर्देश जारी किए थे। जिसके चलते, बारिश के पहले ही धान के बचाव के लिए तिरपाल लगाई गई थी। कल यानी शनिवार की रात हुई तेज बारिश से, सोसायटियों में पड़ी उपार्जित धान को कितना नुकसान पहुंचा है, यह अभी साफ नहीं हो सका है। 28 दिसंबर की रात मुख्यालय में करीब 30 मिनट की तेज बारिश ने ना केवल शहर को तरबतर कर दिया, बल्कि बारिश से ठंड में भी इजाफा हो गया है। आज की सुबह, मुख्यालय में आसमान, बादल से घिरे दिखाई दिए, लेकिन जैसे-जैसे दिन का समय आगे बढ़ा, आसमान खुलने लगा और धूप छा गई। 24 घंटे में हुई बारिश का आंकड़ा जिले में बीते शनिवार को हुई बारिश का आंकड़ा सामने आया है। तहसीलवार आंकड़े में बालाघाट में 4 मिमी, वारासिवनी में 4 मिमी, बैहर में 8.6 मिमी, लालबर्रा में 3 मिमी, बिरसा में 3.2 मिमी और परसवाड़ा में 25.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। जिले में बीते 24 घंटे में 4.3 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई।


