उंटारी रोड | बीआरसी अंतर्गत जोगा पंचायत मुख्यालय स्थित राजकीयकृत स्तरोन्नत उच्च विद्यालय में विद्यालय प्रबंध समिति की एक वर्ष पूर्व चुनी गई विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष सुगिता देवी को हटाकर उपाध्यक्ष कमलेश चौधरी को अध्यक्ष बनाने पर एक पखवाड़ा से चला आ रहा विवाद और आपसी तनातनी सोमवार को पूर्व से कार्यरत अध्यक्ष सुगिता को बहाल करने के उपरांत पटाक्षेप हो गया। इसको लेकर विद्यालय में मामले की पड़ताल करने पहुंचे बीपीओ नरेंद्र सिंह और सीआरपी नीरज चौबे को स्कूली बच्चों की महिला अभिभावक का काफी विरोध झेलना पड़ा। महिलाएं अकारण विद्यालय प्रधान और शशि शेखर पांडेय द्वारा प्रबंध समिति की कार्यरत अध्यक्ष को हटाए जाने को लेकर तथा गलत मंसूबा से उपाध्यक्ष को कमलेश चौधरी को अध्यक्ष बनाए जाने पर काफी नाराज हुई थी। दोनों पक्षों की बात को सुनने के बाद बीपीओ ने मौके पर मौजूद उप मुखिया संजीव सिंह और प्रबंध समिति के सदस्यों से परामर्श करने के बाद पूर्व से कार्यरत अध्यक्ष सुगिता देवी को चार माह का वक्त देकर त्रुटिरहित एमडीएम और अन्य संबंधित कार्य संचालन की जिम्मेवारी दी। शिकायत मिलने पर आगे विद्यालय प्रबंध समिति का चुनाव कराकर अध्यक्ष का चयन करने का निर्णय सुनाया । इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण बेहतर बनाने के संकल्प लिया।


