बिजली कटने से नाराज चिरमिरी के लोग सड़क पर उतरे:डेम दफाई में 50 घर 4 दिन से अंधेरे में, महिलाओं-बच्चों ने किया चक्काजाम

छत्तीसगढ़ के नगर निगम चिरमिरी अंतर्गत कोरिया क्षेत्र में बीते चार दिनों से बिजली कनेक्शन कटने के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। नगर पालिका निगम के वार्ड क्रमांक 8 के डेम दफाई क्षेत्र में एसईसीएल ने चार दिन पहले मुख्य बिजली लाइन काट दी। इससे करीब 50 घरों में अंधेरा छाया हुआ है। स्थानीय निवासियों ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से संपर्क किया। कोई समाधान नहीं मिलने पर महिलाएं और बच्चे कोरिया-बैकुंठपुर-गेल्हापानी मुख्य मार्ग पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने लगभग 4-5 घंटे तक यातायात बाधित रखा। जर्जर भवन तोड़ने के कारण बिजली कटी एसईसीएल के सब एरिया मैनेजर अरुण सिंह चौहान ने बताया कि जर्जर भवन तोड़ने के कारण रेलवे लाइन के पास की बिजली लाइन काटनी पड़ी। उन्होंने कहा कि रेलवे से अनुमति मिलने तक कनेक्शन बहाल नहीं किया जा सकता। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने चिंता जताई कि जंगल और पहाड़ों से घिरे इस क्षेत्र में जंगली जानवर और जहरीले कीड़े-मकोड़े घरों तक पहुंच जाते हैं। महापौर रामनरेश राय ने मौके पर पहुंचकर समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उनके आश्वासन के बाद प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *