सितंबर का मौसम:इस साल 109 फीसदी बारिश होने की संभावना, औसत 235 मिमी गिरता है पानी

इस साल सितंबर में 109 फीसदी बारिश होने का अनुमान है। जबकि सितंबर औसतन 235 मिमी बारिश होती है। यानी रायपुर में मानसून के आखिरी महीने में बारिश का कोटा लगभग पूरा होने की संभावना है। पिछले एक दशक के रिकार्ड भी बता रहे हैं कि सितंबर में औसत के आसपास बारिश हो जाती है। अभी मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हैं। इसलिए सितंबर के पहले सप्ताह में अच्छी बारिश की उम्मीद है। जुलाई और अगस्त में रायपुर समेत पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश हुई है। वर्तमान मौसमी गतिविधियां सितंबर में भी अच्छी बारिश के संकेत दे रही हैं। दूसरे, तीसरे और आखिरी सप्ताह में बारिश की गतिविधियां सक्रिय रहने की संभावना है। इससे सितंबर महीने का कोटा लगभग पूरा हो सकता है। रायपुर में पिछले एक दशक के रिकार्ड के अनुसार पांच बार 200 मिमी से ज्यादा बारिश हुई है। तीन बार 300 मिमी से ज्यादा और एक बार तो 400 मिमी से अधिक पानी गिर चुका है। छत्तीसगढ़ और रायपुर के लिए मानसून हमेशा से अनुकूल रहा है। भौगोलिक अनुकूलता इसकी बड़ी वजह है। बंगाल की खाड़ी से मानसून छत्तीसगढ़ होते हुए शेष भारत पहुंचता है। मानसून की वापसी भी सबसे अंत में ही है। इसलिए आता और लौटता मानसून रायपुर सहित छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश करा ही देता है। आमतौर पर छत्तीसगढ़ से 15 अक्टूबर के बाद ही मानसून की विदाई होती है। यहां सितंबर के दूसरे पखवाड़े में अच्छी बारिश होने का ट्रेंड रहा है। इस साल भी ऐसा ट्रेंड रहेगा। औसत 9.6 दिन बारिश सितंबर के 30 में से औसत 9.6 दिनों में बारिश होती है। इस महीने औसत आर्द्रता 83 से 74 फीसदी के आसपास रहती है। 3.8 दिन मेघ-गर्जना वाले होते हैं। अधिकतम तापमान का औसत 31.6 और न्यूनतम तापमान का 24.4 डिग्री है। मौसम विभाग के अनुसार इस महीने औसत 5.4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *