फाजिल्का में बारिश के कारण दो गांवों में मकानों की छतें गिर गई हैं। परिवारों को खुले में रहना पड़ रहा है। हादसा अबोहर के बल्लूआना क्षेत्र में हुआ। बहादुरखेड़ा गांव के गुलजार सिंह दैनिक मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो बच्चे हैं। बारिश के कारण 10 दिन पहले उनके एक कमरे की छत गिर गई थी। कल एक और कमरे की छत गिर गई। अब बचे हुए एक कमरे की छत में भी बड़ी दरारें आ गई हैं। सुरक्षा के लिए उन्होंने घर का सामान बाहर निकाल लिया है। परिवार आंगन में तिरपाल लगाकर रह रहा है। गांव चक्क ढाबा कोकरियां में भी एक परिवार को नुकसान हुआ है। सरबजीत के मकान की कच्ची छत बारिश से कमजोर हो गई थी। कल रात जब परिवार आंगन में सो रहा था, तब कमरे की छत गिर गई। इस हादसे में कमरे में रखा हजारों रुपए का सामान मलबे में दब गया। प्रभावित परिवारों ने स्थानीय प्रशासन और पंजाब सरकार से मुआवजे की मांग की है। वे चाहते हैं कि जल्द से जल्द मुआवजा मिले, ताकि वे कमरों की मरम्मत करा सकें।


