झालावाड़ में ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर गिर गया। इस दौरान वहां खेल रहे दो बच्चों की करंट लगने से मौत हो गई। दोनों बच्चे पड़ोसी थे। हादसा रविवार सुबह करीब सवा 10 बजे हुआ। सूचना पर मौके पर पहुंची अकलेरा पुलिस ने बच्चों के शवों को अकलेरा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। मकानों के सामने लगा हुआ है ट्रांसफॉर्मर अकलेरा थानाधिकारी राजेश पाठक ने बताया- अकलेरा थाना क्षेत्र के रीछवा मार्ग पर कुछ लोग खेतों पर बने मकानों में रहते हैं। जिनके ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। मकान के सामने ही थ्री फेज का ट्रांसफॉर्मर रखा हुआ है। सुबह स्पॉर्किंग होने से हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर नीचे गिर गया। इस दौरान नीचे खेल रहे देवकरण मीणा (10) पुत्र रामस्वरूप और यश बागरी (08) पुत्र सूरज चपेट में आ गए। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। थानाधिकारी राजेश पाठक ने बताया- घटना की सूचना मिलने वे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों के शवों को अकलेरा अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि घरों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, लेकिन इनकी सही समय पर डिस्कॉम कर्मियों द्वारा मरम्मत नहीं की जाती है। जिसके चलते हादसे हो जाते हैं। पहले भी हो रही थी स्पार्किंग-ग्रामीण ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी हाईटेंशन लाइन में स्पार्किंग हो रही थी। जिसकी शिकायत ग्रामीणों द्वारा की गई थी, लेकिन डिस्कॉम कर्मियों ने ध्यान नहीं दिया। ऐसे में आज दर्दनाक हादसा हो गया जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई है। परिजनों द्वारा मुआवजे की भी मांग की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया-देवकरण के पिता रामस्वरूप खेत पर चौकीदारी का काम करते हैं। यश बागड़ी के पिता सूरज खेती करते है। उन्होंने खुद की जमीन के अलावा अन्य व्यक्ति की जमीन भी खेती के लिए साझेदारी पर ली हुई है। दोनों के मकान पास-पास है। पक्षी के टच होने से तार टूटा डिस्कॉम के जेईएन दीपक कुमार ने बताया- किसी पक्षी के टच होने से तार टूटा है। सूचना पर तुरंत सप्लाई को बंद कर दिया। विभाग की ओर से परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।


