पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी पर बॉडीगार्ड से मारपीट करने का आरोप, थाने में शिकायत

पूर्व मंत्री व कांग्रेसी नेता केएन त्रिपाठी पर उनके दो बॉडीगार्ड ने मारपीट करने का आरोप लगाया है। पलामू पुलिस एसोसिएशन ने इस संबंध में लातेहार थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष जयप्रकाश तुरी ने कहा कि केएन त्रिपाठी पलामू से रांची जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे लातेहार के जुबली चौक के पास जाम लग गया था। जाम हटवाने के लिए ड्यूटी पर तैनात दो बॉडीगार्ड रविंद्र व गोपाल गाड़ी से उतरे। उन्हें लौटने में कुछ देर हुई तो त्रिपाठी ने उनके साथ मारपीट की। उधर, थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार महतो ने कहा कि त्रिपाठी के बॉडीगार्ड ने थाने में आवेदन दिया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। त्रिपाठी ने खारिज किया आरोप, कहा-मुझे अकेला छोड़ गए थे, सिर्फ डांटा था केएन त्रिपाठी ने मारपीट के आरोप को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा-कांग्रेस की बैठक में भाग लेने के लिए मैं पलामू से रांची जा रहा था। लातेहार में जाम के दौरान सुरक्षा में लगे जवान मुझे गाड़ी में छोड़कर आधा किमी आगे निकल गए। मैं पैदल आगे बढ़ा तो वे लोग एक दुकान पर खड़े थे। मैंने उन्हें डांट-फटकार लगाई। कहा कि इस तरह ड्यूटी नहीं चलेगी। मेरे साथ रहना है तो अनुशासित ढंग से रहना होगा। इस पर उन्होंने मेरे साथ जाने से इनकार कर दिया। मैंने भी उन्हें वापस भेज दिया। उन्होंने कहा कि 25 साल से मेरे साथ बॉडीगार्ड रह रहे हैं। किसी के साथ ऐसा व्यवहार नहीं किया। त्रिपाठी ने पलामू एसपी पर सुरक्षा घटाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मुझे चार गार्ड मुहैया कराने का आदेश दिया है। लेकिन पलामू एसपी ने दो गार्ड वापस ले लिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *