भास्कर न्यूज | नारायणपुर भारत के महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति को सम्मान देने और खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए हर वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष का उत्सव उत्कृष्टता, मित्रता और सम्मान जैसे ओलंपिक मूल्यों, साहस, दृढ़ संकल्प, प्रेरणा और समानता जैसे पैरालंपिक मूल्यों को समर्पित रहा। छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव के तहत 29 से 31 अगस्त तक जिले में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। 29 अगस्त को जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा सद्भावना क्रिकेट मैच आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर जिले के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया । 30 अगस्त को जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों में खेल से संबंधित वाद-विवाद प्रतियोगिता, फिटनेस टॉक तथा स्थानीय खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अंतिम दिन रविवार को संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम के तहत मल्लखंभ खेलो इंडिया सेंटर, से सुबह 7.30 बजे साइकिल रैली निकाली गई।


