रिंगनी-खरौद | ग्राम पंचायत रिंगनी में गणेश उत्सव पर आयोजित भव्य झांकी और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने ग्रामीणों के बीच उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पूजा-अर्चना और भावपूर्ण भक्ति गीत “अरपा पैरी के धार, महानदी हे अपार” के साथ हुई। इस अवसर पर शिव-गणेश की झांकी की गई, जिसे आकर्षक सजावट और सांस्कृतिक झलकियों के साथ प्रस्तुत किया गया। हजारों की संख्या में ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्र से लोग श्रद्धापूर्वक उपस्थित रहे और झांकी का आनंद लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कोरबा की सुप्रसिद्ध लोकगायिका शिवानी वैष्णव एवं उनकी स्टार नाइट टीम ने अपनी मधुर गायन प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। “मोला काजल प्रसंद है” व “झुल-धुलकर मादर बजा दे मदरिया” जैसे लोकप्रिय गीतों पर दर्शकों ने देर रात तक झूमकर तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया।


