भास्कर न्यूज | कोरबा छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती के उपलक्ष्य में, इस साल कोरबा के पूजा पंडालों को विशेष रजत जयंती थीम पर सजाया जाएगा। मंगलवार को निगमायुक्त आशुतोष पांडेय ने शहर की पूजा उत्सव समितियों की बैठक ली और उन्हें शासन के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। निगमायुक्त ने समितियों से आग्रह किया कि वे अपने पंडालों में रंगोली प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक और प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रमों के जरिए छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की विकास यात्रा को दर्शाएं। इसके साथ ही, राज्य की स्थानीय कला और संस्कृति को बढ़ावा देने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। बैठक में पंडालों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई। निगमायुक्त ने समितियों से पंडालों के स्ट्रक्चर को मानकों के अनुरूप और प्रमाणित रखने को कहा ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। इसके अलावा, उन्होंने पंडालों में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और परिसर में पर्याप्त डस्टबिन रखने की भी अपील की। इस साल मूर्ति विसर्जन के लिए छह स्थान तय किए गए हैं, इनमें कोरबा जोन- एसएलआरएम सेंटर के सामने रेट घाट, परिवहन नगर जोन- पंप हाउस नदी के किनारे, कोसाबाड़ी व रविशंकर नगर जोन- ढेंगुरनाला छठ घाट, बालको जोन- बेलगरी नाला छठ घाट (राम मंदिर के पास), दर्री जोन- प्रगति नगर सर्वेश्वर मंदिर के पास और सर्वमंगला नगर जोन- सर्वमंगला मंदिर के पास नदी घाट शामिल है।


