भास्कर न्यूज | लोहंडीगुड़ा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पीएम श्री सेजेस लोहंडीगुड़ा में महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न शैक्षिक एवं खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह की सभा में फिट इंडिया शपथ के साथ हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य एवं फिटनेस को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने पोस्टर निर्माण, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया, जिनका विषय था हमारे जीवन में खेलों का महत्व। विद्यार्थियों ने अपने विचारों एवं रचनात्मकता के माध्यम से खेलों की आवश्यकता और स्वास्थ्य पर उनके सकारात्मक प्रभाव को उजागर किया। दोपहर में फुटबॉल, दौड़ प्रतियोगिता, बैलेंसिंग गेम्स सहित विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल भावना का परिचय दिया।


