खेत में सो रहे एक बुजुर्ग किसान पर सियार ने हमला कर दिया। हमले में लहूलुहान किसान को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। मामला बागौर थाना क्षेत्र का है। बागौर कस्बे में रहने वाले सौभाग्य पिता श्रीकृष्ण सांसी (60) आज अलसुबह अपने खेत में सो रहे थे। इसी दौरान उन पर एक सियार ने हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। लहूलुहान हालत में उन्हें इलाज के लिए पहले बागौर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया। फिलहाल बुजुर्ग का ट्रॉमा वार्ड में इलाज किया जा रहा है। बुजुर्ग ने बताया- वो हमेशा की तरह अपने खेत के रखवाली करने गए थे, सुबह वो खेत पर चारपाई लगाकर लेट गए थे। अचानक एक सियार ने उन पर हमला कर दिया। उनके चीखने की आवाज़ सुनकर पड़ोस के किसान खेत पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए लेकर आए। फिलहाल बुजुर्ग किसान की हालत खतरे से बाहर है।


