सीहोर में अनुसूचित जाति, जनजाति के स्टूडेंट्स को नए साल में नए हॉस्टल मिलने वाले हैं। आदिमजाति कल्याण विभाग के तहत आने वाले कई हॉस्टल पुराने हो गए हैं और कई हॉस्टल किराए के भवनों मे चलाए जा रहे हैं। बता दें कि जिले में एससी-एसटी वर्ग के स्टूडेंट्स के लिए 10 नए हॉस्टल भवन का निर्माण चल रहा है। इनमें से करीब 5 हॉस्टल बिल्डिंग आदिमजाति कल्याण विभाग को हेंडओवर कर दी जाएंगी। इसके बाद स्टूडेंट्स को यहां शिफ्ट कर दिया जाएगा। इनमें लाइब्रेरी, खेल मैदान, मनोरंजन कक्ष जैसी सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी। 450 स्टूडेंट्स को मिलेगा फायदा
जिला संयोजक आदिमजाति कल्याण हिरेन्द्र कुशवाह ने बताया कि 400 से 450 स्टूडेंट्स को इन भवनों के बनने से फायदा मिलेगा। जिला मुख्यालय पर दो हॉस्टल बनकर तैयार है जिनकी क्षमता 150 स्टूडेंट्स की है। ऐसे ही आष्टा, भैरुंदा, बुधनी, बिलकिसगंज, आबिदाबाद में हॉस्टल बनाए जा रहे हैं। शिक्षा, खेल और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए इन हॉस्टल में स्टूडेंट्स के लिए कई सुविधाएं दी गई हैं। यहां पढ़ने के लिए लाइब्रेरी, एलईडी टीवी के साथ मनोरंजन कक्ष और बास्केट बॉल मैदान भी बनाए गए हैं। सभी हॉस्टल में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। 77 हॉस्टल में 5 हजार स्टूडेंट्स
जिले में एससी, एसटी स्टूडेंट्स के कुल 77 हॉस्टल हैं, जिनमें करीब 5 हजार स्टूडेंट रहते हैं। एससी के 2 हजार 450 और एसटी 1 हजार 550 स्टूडेंट हैं। ऐसे ही विशिष्ट संस्थानों में 1 हजार 012 स्टूडेंट्स रहते हैं। फिलहाल एससी के 8 और एसटी के 7 हॉस्टल किराए के भवनों में चलाए जा रहे हैं। जनवरी महीने में 5 हॉस्टल भवन विभाग को हेंडओवर कर दिए जाएंगे। मार्च तक कुल आठ भवन तैयार हो जाएंगे।


