नागौर के इग्यार गांव में बाइक पर जा रहे मां, बेटा और बहू की करंट से मौत के मामले में पीडब्लूडी व महिला बाल विकास राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने पीड़ित परिजनों को 15 लाख रुपए का चैक सौंपा। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर चारा लेने जा रहे थे। वे रास्ते में एक खेत की लोहे की बाड़ की चपेट में आ गए थे और बाड़ में बिजली के तारों में दौड़ रहे करंट से तीनों की मौत हो गई थी। कुचेरा थाना क्षेत्र के इग्यार गांव के मृतकों के परिजनों हनुमान राम और जैताराम को पीडब्लूडी व महिला बाल विकास राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने बतौर मुआवजा 15 लाख रुपए का चैक सौंपा। राज्यमंत्री डॉ. बाघमार ने कहा कि सरकार की संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं। पीड़ित परिवार को सरकार की विभिन्न योजनाओं से भी लाभान्वित किया जाएगा। इस मौके पर रातंगा सरपंच राजकुमार भाकर, बालकिशन जाजड़ा, एईएन नाथूराम सींवर, अशोक चौधरी, बीरबल, छोटूराम अड़वड़ आदि मौजूद थे। गौरतलब है कि इग्यार गांव निवासी हरेंद्र (32), मां कंवराई देवी (50) और पत्नी सीमा (25) के साथ बाइक पर पशुओं के लिए चारा लेने खेतों में जा रहा था। रास्ते में एक खेत पर लोहे की बाड़ लगी हुई थी। खेत मालिक ने पशुओं को रोकने के लिए इस बाड़ में करंट का तार जोड़ रखा था। तीनों इसकी चपेट में आ गए थे। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।


