सेनादोनी पंचायत में जमीन की अवैध घेराबंदी के खिलाफ ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने खोला मोर्चा, चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान

भास्कर न्यूज | गिरिडीह गिरिडीह सदर प्रखंड के सेनादोनी पंचायत अंतर्गत बुढ़ियाटांड़ गांव में ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक द्वारा शुक्रवार को एक अहम बैठक की गई। बैठक में सीएनटी एक्ट के दायरे में आने वाली कोल आदिवासियों की रैयती जमीन और स्थानीय आम रास्तों पर दबंगों द्वारा की जा रही अवैध घेराबंदी के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन चलाने का ऐलान किया गया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे फॉरवर्ड ब्लॉक जिला संयोजक व पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश यादव ने कहा कि, “स्थानीय कोल आदिवासी परिवारों की खतियानी जमीन को कुछ दबंग लोग जबरन घेर रहे हैं। खेत, तालाब, छठ घाट, मवेशियों की अड़वार और बच्चों के खेल के मैदान तक को कब्जा किया जा रहा है। विरोध करने पर मारपीट और धमकी दी जाती है, जो सरासर अन्याय है। मीटिंग में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि प्रशासन ने सीमांकन कर घेराबंदी रोकने की कार्रवाई नहीं की, तो पहले गिरिडीह अंचल कार्यालय में शिकायत दी जाएगी। इसके बाद भी अगर कार्रवाई नहीं होती तो जनसंपर्क अभियान चलाकर जमीन बचाओ आंदोलन के तहत जन अधिकार सभा की जाएगी। अंतिम चरण में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी गई। बैठक में प्रमुख रूप से फॉरवर्ड ब्लॉक नेता मनोज कुमार यादव, पंकज वर्मा, मुकेश यादव, ठाकुर मंडल, तथा कोल समुदाय के बिरजू कोल, विष्णु कोल, अर्जुन कोल, लालो कोल, बिल्टू कोल, राजेंद्र कोल, बुधन कोल, धनेश्वर कोल, रामजीत कोल, बासो कोल, संतु कोल, पूरण कोल, सुखन कोल, समशुद्दीन अंसारी, विकास वर्मा, सकलदेव वर्मा, महेंद्र रवानी, साथ ही महिला प्रतिनिधि कुंती देवी, शांति देवी, रीना देवी, परवतिया देवी, मंगरी देवी, मंजू देवी, सुकरी देवी, सुनीता देवी, दशमी देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *