ईद मिलादुन्नबी पर गिरिडीह में शान से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी

भास्कर न्यूज | गिरिडीह ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शहर में शुक्रवार को जुलूस-ए-मोहम्मदी धूमधाम और उमंग के साथ निकाली गई। पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लाहो अलैहे वसल्लम के जन्मदिन को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों को रंग-बिरंगी झालरों और रोशनियों से सजाया गया, जिससे माहौल पूरी तरह जश्न में तब्दील हो गया। सबसे भव्य और आकर्षक जुलूस मौलाना आजाद चौक से निकला, जिसमें बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की भारी भागीदारी रही। जुलूस के दौरान पूरा शहर नारा-ए-तकबीर अल्लाहु अकबर, सरकार की आमद मरहबा मरहबा… जैसे नारों से गूंज उठा। सभी लोगों के हाथों में विभिन्न रंगों के मोहम्मदिया निशान थे। वाहनों में लदे साउंड सिस्टम में मजहबी गीत बज रहे थे। जुलूस का नेतृत्व मौलाना मीर अहमद फातमी और इमाम समीम मिसबाही कर रहे थे। इसके अलावा राज्य के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू भी जुलूस में शामिल हुए और मौलाना आजाद चौक से बड़ा चौक तक पैदल यात्रा की। उसके बाद बरवाडीह कर्बला में आयोजित सामरोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में तंजीम अहले सुन्नत के सचिव इरसाद अहमद बारिश, सदर जमील अहमद, सरफराज चांद,गुजरात के अहमदाबाद के कांग्रेस विधायक इमरान खेड़ावाला सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। जुलूस मौलाना आजाद चौक से प्रारंभ होकर मुस्लिम बाजार, बड़ा चौक, तिरंगा चौक, पुलिस लाइन मोड़ होते हुए बरवाडीह कर्बला मैदान तक गया, जहां यह एक जलसे में तब्दील हो गया। जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह चौकस रहा। शहर में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सदर एसडीओ श्रीकांत विस्पुते, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी नीरज कुमार सिंह, डीएसपी टू कौशर अली, नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, यातायात थाना प्रभारी दुगन टोपनो समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे। शहर के अलावा भंडारीडीह, विशुनपुर, मोहनपुर, तेलोडीह, चैताडीह, माथाडीह आदि इलाकों में भी जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाली गई। हर जगह लोगों ने शांति, सौहार्द और श्रद्धा के साथ पैगंबर साहब की याद में कार्यक्रम आयोजित किए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *