भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ धालभूमगढ़ स्थित जीएनडी (गंगा नारायण देव) इंटर कॉलेज परिसर में शिक्षक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को स्वर्गीय गंगा नारायण देव की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला विधानसभा के विधायक चंपाई सोरेन तथा विशिष्ट अतिथि बाबूलाल सोरेन शामिल हुए। अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि गंगा नारायण देव जी ने शिक्षा के महत्व को बहुत पहले ही समझ लिया था। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रयासों से ही आज इस इलाके में शैक्षणिक संस्थान स्थापित हो पाए हैं। उन्होंने कहा, “झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध प्रदेश है। लेकिन वास्तविक विकास तभी संभव है जब हमारे बच्चे शिक्षित होंगे। इस कॉलेज को डिग्री कॉलेज का रूप देने तथा इसके विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।” विशिष्ट अतिथि बाबूलाल सोरेन ने भी कहा कि जीएनडी कॉलेज को आगे बढ़ाने और डिग्री कॉलेज बनाने की दिशा में वे हर संभव सहयोग करेंगे। मूर्ति अनावरण से पूर्व अतिथियों ने स्वर्गीय सुधीर नारायण देव की प्रतिमा पर तथा डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के बाद चंपाई सोरेन और बाबूलाल सोरेन ने नरसिंहगढ़ रजवाड़ी परिसर स्थित प्राचीन दशभुजा मंदिर, कटाल मंदिर और त्रिवेणीश्वर शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम का संचालन रंजन सिंह देव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन पूर्व जिला परिषद दांदूराम बेसरा ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर घाटशिला की जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू, पूर्व जिला परिषद आरती सामाद, राहुल सेनगुप्ता, डॉ. तपन गोराय, वकील सोरेन, बबलू सोरेन, श्रवण सिंह, चंदन नारायण देव, फकीर चंद्र अग्रवाल, खोकन सीट, अनूप दास, काजल धल, विशाल नामाता, नरसिंहगढ़ राजबाड़ी परिवार के सदस्य सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।


