पलामू में माइंस और क्रशर संचालक से रंगदारी मांगने के मामले की जांच अब आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) करेगी। जांच में कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा गैंग के इसमें शामिल होने की बात सामने पर यह निर्णय लिया गया है। इससे संबंधित 28 नवंबर को शहर थाना में दर्ज एफआईआर के जांच से जुड़े कागजात एटीएस को सौंपने का निर्देश थाना प्रभारी को एसपी ने दिया है। 50 लाख रुपए की मांगी थी रंगदारी नावाटोली निवासी शशिकांत गुप्ता का चैनपुर थानाक्षेत्र के करसो में क्रशर प्लांट है। व्यवसायी शशिकांत को 6047062452 नंबर से मैसेज कर दीपक सिंह नामक व्यक्ति ने 50 लाख रुपए रंगदारी मांगा था। साथ ही काम चलने तक हर महीने एक लाख रुपए देने के लिए कहा था। मैसेज में कहा गया था कि हर हाल में यह डिमांड पूरा हो नहीं तो अंजाम बुरा होगा। मैसेज करने वाले ने रंगदारी नहीं देने पर हत्या और गाड़ियों में आगजनी करने की धमकी दी थी। पुलिस की जांच में आया सुजीत सिन्हा का नाम एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया तो मामले में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की संलिप्तता सामने आई। मालूम हो कि इसके अलावे सुजीत सिन्हा गैंग के द्वारा छतरपुर, पीपरा, नौडीहा बाजार और हरिहरगंज के माइंस और क्रशर कारोबारी को टारगेट किया गया है। इस व्यवसाय से जुड़े कई लोगों को धमकी भरा फोन और मैसेज कर रंगदारी का मांग किया गया है।


