बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ऑपरेशन राहत के तहत सेना और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से लगातार सहायता कार्य जारी हैं। लोगों तक समय पर राशन, पानी और दवाइयां पहुंचाने के लिए सेना की टुकड़ियां और सेवा टीमों ने मोर्चा संभाल रखा है। रमदास के लिए दाना मंडी से 4 टिपर राहत सामग्री लेकर घोनेवाल और धुस्सी से सटे गांवों में भेजी गईं। इनमें धुस्सी घोणेवाला, धुस्सी दूशी रुढ़ेवाल और मलकपुर में राहत कार्य जारी हैं। सेना की इस टीम में एक जेसीओ और 9 जवान शामिल हैं। रमदास के विभिन्न गांवों में 40 बैग ड्राई राशन, 480 लीटर पानी, 12 मेडिकल किट, 216 बच्चों के डायपर, 10 मेडिकल बैग किट, 24 डिब्बे मिल्क पाउडर, 50 डायपर और मच्छरदानियां वितरित की गईं। सेना के प्रवक्ता ने बताया कि माकोवाल आर्मी कैंप की टीम ने कुरालियां और थोबा गांव के पास 10 से 12 राउंड नाव के जरिये राहत सामग्री पहुंचाई। इसी तरह, फगवाड़ा से पहुंची सेवा टीम ने 40 बैग (20 किलो वाले) आटा, 58 राशन पैकेट, 200 मच्छर भगाने की कॉइल और 250 पेटी पानी की बोतलें बाँटी। वहीं, मुजफ्फरनगर से आई टीम ने 70 राशन बैग, 275 कंबल, 150-150 बकेट और मग, 300 डीएमपी ऑयल तथा मेडिकल सहायता दी।


