ठेकेदार पर फायर करने वाला 14वें दिन काबू

इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के कॉन्ट्रैक्टर सुनीर उप्पल पर फायरिंग करने के मामले में थाना रणजीत एवेन्यु पुलिस ने एक आरोपी को 14वें दिन काबू किया है, जबकि दूसरा अभी फरार है। आरोपी की पहचान शिव खन्ना निवासी रणजीत एवेन्यू के रूप में हुई है। सूत्रों की मानें तो ठेकेदार पर हमला करने वालों में ट्रस्ट के एक क्लर्क के रिश्तेदार का हाथ है। क्लर्क पीड़ित पक्ष से राजीनामा करने के लिए कई बार संपर्क कर चुका है। एसएचओ रॉबिन हंस ने बताया कि आरोपी शिव खन्ना (50) को 6 सितंबर को रात 9 बजे गिरफ्तार किया गया था। दूसरे आरोपी को अभी काबू नहीं किया जा सका है। आरोपी को रिमांड पर लेने के लिए सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पूछताछ में ठेकेदार पर हमला करने का खुलासा हो सकता है। बता दें कि बीते 23 अगस्त को रणजीत एवेन्यू थाना से 200 मीटर दूर हवेली के बाहर ठेकेदार सुनीर उप्पल पर 2 आरोपियों ने हमला करके घायल कर दिया था। जांच अफसर सतनाम सिंह ने बताया कि आरोपी को काबू करने के बाद पहचान के लिए पीड़ित को थाने बुलाया गया था लेकिन वह नहीं आए। वहीं पीड़ित के पिता शिव उप्पल ने बताया कि शनिवार रात 8:30 बजे फोन आया था तो जवाब दिया था कि बेटा आईसीयू में एडमिट है। यदि रविवार को डॉक्टर डिस्चार्ज कर देते हैं तो आ जाएंगे। मगर दोपहर डेढ़ बजे किसी तरह घर पहुंच सके। दर्द बढ़ने पर दोबारा से इंजेक्शन लगवाने के लिए अस्पताल जाना पड़ा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *