बुरहानपुर में रविवार को सड़क सुरक्षा अभियान ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’ की शुरुआत हुई। इसके जरिए लोगों को सड़क सुरक्षा के लिए जागरूक किया जाएगा। अभियान की शुरुआत एसपी देवेंद्र पाटीदार निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश, नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में की गई। यातायात प्रभारी सूबेदार नागेंद्र सिंह ठाकुर की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता के तहत कई तरीके के मोटिवेशनल होर्डिंग बनवाए गए हैं, जिन्हें ब्लैकस्पॉट, जिले की व्यस्त सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगाया जाएगा। शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करके लोगों को सड़क सुरक्षा के लिए जागरूक करने की कोशिश भी की जा रही है। अभियान में लोगों से अपील की गई कि वाहन चालक ड्राइविंग लाइसेंस बन जाने के बाद ही आम रोड पर गाड़ी चलाएं और चौराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नल का पालन करें। दो-पहिया वाहन चालक हेलमेट पहन कर ही वाहन चलाए और पैदल यात्रियों को पहले रास्ता दें। गाड़ी चलाते समय सीटबेल्ट पहने और अपनी लेन में गाड़ी चलाएं। इसके अलावा सड़क किनारे गाड़ी पार्क करते समय हमेशा पार्किंग लाइट जलाएं। वाहन चालकों से दो पहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने, गलत साइड वाहन न चलाने, सड़क पर तेज गति से और लहराकर वाहन न चलाने की अपील की गई है। इसके अलावा शराब पीकर वाहन न चलाने। ऑटो वाहन में ड्राइवर के बगल में सवारी न बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने, नो पार्किंग पर वाहन खड़े न करने और नो एंट्री के समय प्रतिबंधित और भारी वाहन शहर में प्रवेश न करने की अपील भी की गई है।


