बरकाकाना बाजार को अतिक्रमण मुक्त के आदेश पर रोक, दुकानदारों को मिली राहत

भास्कर न्यूज | रामगढ़ रेलवे की भूमि बरकाकाना बाजार को खाली कराने के रेल प्रशासन के आदेश के बाद सांसद मनीष जायसवाल के हस्तक्षेप से बाजार फिलहाल टूटने से बच गया। रेलवे ने छठ पूजा तक दुकानदारों को नहीं हटाने का निर्णय लिया है। इस संदर्भ में धनबाद डीआरएम अखिलेश मिश्रा के साथ रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल के नेतृत्व में दुकानदारों की बैठक डीआरएम धनबाद के कक्ष में हुई। इसमें दुकानदार संघ ने अपनी समस्याओं से डीआरएम को अवगत कराया। दुकानदारों ने बताया कि बरकाकाना स्टेशन के तीन किमी क्षेत्रफल में रेलवे की जमीन है, जहां वे पचास वर्षों से दुकान लगाकर अपनी जीविका चला रहे हैं। दुकानें तोड़े जाने पर उनका रोजगार छिन जाएगा। दुकानदार संघ ने मांग रखी कि बरकाकाना स्टेशन परिसर के बाहर पड़ी खाली भूमि पर वैकल्पिक व्यवस्था कर उन्हें दुकान आवंटित किया जाए, ताकि विस्थापितों का पुनर्वास हो सके और रोजगार सुरक्षित रह सके।बैठक में सांसद प्रतिनिधि ने डीआरएम से कहा कि बरकाकाना क्षेत्र का भौगोलिक और सामाजिक महत्व है। यहां प्रतिदिन पचास हजार लोग बाजार करने आते हैं। यदि बाजार टूटता है तो उन्हें पांच किलोमीटर दूर जाना पड़ेगा। इसके लिए वैकल्पिक दुकान बनाकर शीघ्र आवंटन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बरकाकाना होकर प्रभावित ट्रेनों को चलाने की मांग भी रखी गई। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में दुकानदारों के साथ अन्याय होने नहीं दिया जाएगा। जिसपर डीआरएम धनबाद अखिलेश मिश्रा ने आश्वासन दिया कि छठ पूजा तक किसी भी दुकान को नहीं तोड़ा जाएगा । साथ ही प्रभावित दुकानदारों के लिये वैकल्पिक व्यवस्था का प्रयास किया जाएगा। बैठक में मुख्य रूप से रेलवे के सीनियर डीसीएम सहित रेलवे के कई वरिष्ठ पदाधिकारी सांसद प्रतिनिधि अनमोल सिंह, दुकानदार संघ के छठी लाल प्रसाद, मनीष वर्मा, कपिल देव राम दांगी, चंद्रदेव दांगी, सुबोध कुमार, विनीत यादव सहित कई दुकानदार शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *