भास्कर न्यूज | अमृतसर खत्री सभा अमृतसर ने फिजियोथेरेपी दिवस पर सिद्धिविनायक मंदिर रानी का बाग में फिजियोथेरेपी पर सेमिनार करवाया। इस समारोह की मुख्य वक्ता डॉ. मनीषा उत्तम सोई (एमपीटी पीएचडी) थीं। खत्री सभा महिला मंडल की अध्यक्षता में स्वराज ग्रोवर एवं सचिव डॉली भाटिया ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया एवं स्वस्थ जीवन जीने का महत्व बताया। पूर्व प्रधान राज टंडन ने डॉ. मनीषा सोई का पूर्ण परिचय दिया। डॉ. मनीषा ने फिजियोथेरेपी विषय पर जानकारी दी और बताया कि किस प्रकार फिजियोथेरेपी का प्रयोग कर हम स्वस्थ जीवन जी सकते हैं। सेमिनार में उपस्थित सदस्यों ने डॉ. मनीषा से फिजियोथेरेपी से संबंधित सवाल जवाब भी किए। खत्री सभा के अध्यक्ष दीपक राय मेहरा ने अपने संबोधन में कहा कि आज के भौतिक युग में स्वस्थ रहना चुनौती बन चुका है। दवाओं के दुष्प्रभाव से बचने के लिए लोग वैकल्पिक स्वास्थ्य सेवाएं जैसे होमेओपेथी, योग, आयुर्वेद, फिजियोथेरेपी की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। इन सेवाओं को अपनाकर एवं अपनी जीवन शैली को बदल हम स्वस्थ्य जीवन जी सकते है।


