गुरमीत लूथरा | अमृतसर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से भारत पर लगाए गए टैरिफ के चलते सोने के दामों में निरंतर उछाल जारी है। 7 अगस्त से 7 सितंबर तक एक माह में सोना 6 हजार महंगा हो गया है। पंजाब स्वर्णकार संघ के प्रदेश प्रधान अश्वनी नामेशाह ने कहा कि दीवाली तक सोने के दाम 1.25 लाख के पार जा सकते हैं। 7 अगस्त को सोने की कीमत 1 लाख प्रति 10 ग्राम था जो 7 सितंबर तक 1.06 लाख पहुंच गई है। पंजाब स्वर्णकार संघ के जिला प्रधान अश्वनी नामेशाह ने कहा कि चांदी के दामों में भी बढ़ौतरी का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। केंद्रीय बैंकों द्वारा निरंतर सोने-चांदी की मांग के चलते बढ़ौतरी का सिलसिला जारी है। इसी तरह चांदी की कीमतों में एक माह में ही 10 हजार रुपए से अधिक की बढ़ौतरी हुई है। चांदी वर्तमान में 1.26 लाख रुपए प्रति किलो है। एम कौर ज्यूलर्स शोरूम के मालिक व उद्योगपति चरणजीत सिंह पूजी ने कहा कि जनवरी 2025 से लेकर 7 सितंबर तक सोने ने अब तक 34% का रिटर्न दिया है। ग्राहकों को प्रापर्टी अथवा किसी भी अन्य व्यवसाय में निवेश करने के बावजूद इतना रिटर्न हासिल नहीं हुआ है। अकेले अगस्त के दौरान ही सोने ने 5 प्रतिशत का रिटर्न देते हुए अन्य सभी प्रतिस्पर्धाओं को पछाड़ दिया है।


