समयसीमा के भीतर पूरा करें काम, जिससे योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचे : आश्वासन समिति

भास्कर न्यूज | चतरा झारखण्ड विधानसभा की सरकारी आश्वासन समिति ने आज चतरा का दौरा किया। इस अवसर पर उपायुक्त चतरा कीर्तिश्री जी ने समिति अध्यक्ष एवं सदस्यों का स्वागत किया तथा पर्यावरण संरक्षण और हरित पहल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उन्हें पौधा भेंट किया।चतरा परिसदन सभागार में आयोजित बैठक में समिति अध्यक्ष अरूप चटर्जी की अध्यक्षता में लंबित सरकारी आश्वासनों एवं विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में समिति सदस्य रामगढ़ विधायक ममता देवी, सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल तथा चतरा विधायक जनार्दन पासवान उपस्थित थे। ।बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने विभागवार प्रस्तुतिकरण के माध्यम से बताया कि विधानसभा सत्रों में दिए गए आश्वासनों पर प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है। विभागों द्वारा की गई प्रगति साझा की गई और शेष कार्यों को समयबद्धता, पारदर्शिता एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का आश्वासन दिया गया।समिति ने प्रगति की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे हों ताकि योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुँचे। समिति ने कहा कि विभागीय समन्वय, प्रशासनिक दक्षता और स्थानीय जनभागीदारी से विकास की गति और अधिक सशक्त होगी। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम समेत सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। समिति ने आश्वासन दिया कि विधानसभा स्तर पर जिले की प्राथमिकताओं को स्थान देते हुए विकास कार्यों में आने वाली किसी भी बाधा को दूर करने हेतु आवश्यक पहल की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *