अबोहर में दो पक्षों में पथराव, गाड़ी के शीशे तोड़े:गणपति विसर्जन में लड़कियों छेड़छाड़ के विरोध पर बवाल; 2 व्यक्ति घायल

पंजाब के अबोहर के चंडीगढ़ मोहल्ले में देर रात कुछ युवकों ने जमकर हुड़दंग मचाया। तेजधार हथियार लहराते हुए युवकों ने मोहल्ले में लोगों के घरों पर ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे मोहल्ले के दो-तीन युवक घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। विवाद गणपति विसर्जन के दौरान छेड़छाड़ का विरोध करने पर हुआ था। पुलिस मामले को लेकर छानबीन कर रही है। हालांकि लोगों ने थाना प्रभारी व अन्य स्टाफ के ट्रांसफर की मांग की है। जानकारी के अनुसार, मोहल्ले में हुए गणपति उत्सव के दौरान भी इन हुड़दंगी युवकों ने बाधा डाली थी। जब मोहल्लावासियों ने उन्हें रोका तो उसी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि, बताया जाता है कि दोनों पक्षों में कल राजीनामा भी हो गया था, लेकिन रात को फिर से युवकों ने हमला कर दिया। थाना नंबर दो की पुलिस सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हुड़दंगी युवक भाग चुके थे। हमले में घायल हुए सूरज पुत्र राम प्रकाश के परिजनों और अन्य मोहल्लावासियों ने बताया कि उनके मोहल्ले में गणपति उत्सव मनाया गया था, जिसका विसर्जन 5 सितंबर को हुआ था। उन्होंने बताया कि विसर्जन के दौरान भी कुछ युवकों ने हुड़दंग मचाते हुए उनके घर-परिवार की बेटियों से छेड़खानी की थी। जब उन्होंने रोका तो उस समय भी कुछ युवकों ने उनके बेटों के साथ मारपीट की थी, जिसकी कल पंचायत हो गई थी। लेकिन कल रात को हुड़दंगी युवकों ने कुछ अन्य युवकों को बुला लिया और जमकर पथराव किया। इससे गली में खड़े कई टेम्पो क्षतिग्रस्त हुए और घरों में रखी टंकियां भी टूट गईं। लोगों ने छुपकर अपनी जान बचाई। लोगों ने इसकी सूचना 112 और सिटी टू की पुलिस को दी। वहीं, इस हमले में दूसरे पक्ष से दुर्गा नगरी निवासी 28 साल का जगदीश भी घायल हो गया। उसने बताया कि उसके भाई का उक्त पहले पक्ष से झगड़ा हुआ था और कल दोपहर उनका आपसी राजीनामा भी हो गया था। इसके बावजूद भी पहले पक्ष के लोगों ने घर पर आकर उसके भाई से झगड़ा किया। इधर, मोहल्लावासियों ने पुलिस उच्चाधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि लाईन पार क्षेत्र में पिछले काफी समय से कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है और थाना नंबर 2 की पुलिस का गुंडा तत्वों को बिलकुल भय नहीं है। इसलिए थाना नंबर 2 की प्रभारी व अन्य कर्मचारियों का यहां से तबादला किया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *