भास्कर न्यूज | जालंधर आयुष एडमिशन सेंट्रल काउंसिल कमेटी (एएसीसीसी) ने आयुष नीट अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम की काउंसलिंग के पहले राउंड का परिणाम जारी कर दिया है। इस राउंड में करीब 3415 छात्रों को सीट आवंटित की गई। अब उम्मीदवारों को 12 सितंबर तक अपने अलॉटेड कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा। वहीं, वैरीफिकेशन राउंड 12 से 14 सितंबर तक आयोजित होगा। ये सीटें ऑल इंडिया कोटे के तहत आयुर्वेद, योगा और नेचुरोपैथी, यूनानी, सिद्धा और होम्योपैथी कॉलेजों के लिए आवंटित की जाती हैं। जानकारी के अनुसार आयुष एडमिशन सेंट्रल काउंसलिंग कमेटी बीएएमएस, बीयूएमएस, बीएसएमएस सहित अन्य कोर्सेज के लिए कुल 5 राउंड की काउंसलिंग आयोजित करेगा। छात्रों को इन कोर्सेज में नीट यूजी स्कोर के आधार पर एडमिशन मिलता है। आमतौर पर मेडिकल कॉलेजों में जगह न पाने वाले छात्र आयुष काउंसलिंग में भाग लेते हैं। छात्र आयुष की वेबसाइट पर जाकर आवंटित सीटों की पीडीएफ डाउनलोड कर सकते हैं। गौरतलब है कि कोविड-19 के बाद से आयुष कोर्सेज, खासकर आयुर्वेद स्टडीज में छात्रों की रुचि लगातार बढ़ी है और इस सेक्टर के भविष्य को देखते हुए स्टूडेंट्स इनमें एडमिशन ले रहे हैं। सीएसआईआर नेट की कटऑफ जारी जालंधर| राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा सीएसआईआर यूजीसी नेट का कटऑफ अंक जारी कर दिया गया है। जिन उम्मीदवारों ने 28 जुलाई को परीक्षा दी थी, वे स्कोरकार्ड और विषयवार कटऑफ csirnet.nta.ac.in पर जाकर देख सकते हैं। सफल अभ्यर्थी देश के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में जूनियर रिसर्च फैलोशिप, असिस्टेंट प्रोफेसर और पीएचडी प्रवेश के लिए योग्य होंगे। परीक्षा में कुल 1,47,732 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे। जेआरएफ, असिस्टेंट प्रोफेसर व पीएचडी तीन कैटेगरी में रिजल्ट घोषित किया गया है। अनारक्षित, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के लिए न्यूनतम योग्यता अंक 33% है। वहीं एसटी-एससी और पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों के लिए यह 25% है। इस वर्ष जेआरएफ के लिए कटऑफ 99% से 25% और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए 97.92% से 25% के बीच रही।


