झारखंड सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के कार्यकाल में स्वीकृत कई जनहितकारी योजनाओं पर रोक लगा दी है। चंपाई सोरेन विधानसभा चुनाव 2024 से पहले मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर झामुमो छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। उनके गृह क्षेत्र सरायकेला विधानसभा में आदित्यपुर-कांड्रा रोड पर सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए प्रस्तावित दो फ्लाईओवर, गम्हरिया और राजनगर के गोविंदपुर में डिग्री कॉलेज सहित अन्य योजनाओं पर अब कार्य ठप हो गया है। मुख्यमंत्री रहते हुए चंपाई सोरेन ने अल्प अवधि में चुनावी माहौल को देखते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास योजनाओं की घोषणा की थी और इन्हें कैबिनेट से भी मंजूरी दिलाई थी। बावजूद इसके अधिकांश परियोजनाओं पर अब तक कार्यारंभ नहीं हुआ है और योजनाएं अधर में लटकी हुई हैं। राज्य सरकार उनकी योजनाओं को लेकर गंभीर नहीं दिखाई पड़ रही है। पूर्व सीएम ने आदित्यपुर में फ्लाईओवर व गम्हरिया में डिग्री कॉलेज की स्थापना की घोषणा की थी। एक साल से अधिक समय बीत गए, लेकिन सरकार की ओर से एक इंच भी काम नहीं हुआ। दो फ्लाईओवर कागजों तक ही सीमित चंपाई सोरेन ने आदित्यपुर में आशियाना से एस-टाइप होते हुए आकाशवाणी चौक तक फ्लाईओवर तथा गम्हरिया लाल बिल्डिंग चौक से अंचल कार्यालय तक दूसरा फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव दिया था। प्रारंभिक तैयारी भी शुरू हुई थी, लेकिन उनके हटते ही यह योजना कागजों तक सीमित रह गई। गम्हरिया में डिग्री कॉलेज का विरोध: गम्हरिया के बुरूडीह में डिग्री कॉलेज की स्थापना का आदेश दिया गया था, परंतु स्थानीय ग्रामीणों ने भूमि को लेकर आपत्ति दर्ज की है। विवाद सुलझे बिना निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। यह कॉलेज भी पांच एकड़ में 40 करोड़ रुपए से बनना था। राजनगर में डिग्री कॉलेज का निर्माण रुका: राजनगर के गोविंदपुर में 40 करोड़ की लागत से 5 एकड़ भूमि पर डिग्री कॉलेज निर्माण का कार्य शुरू हुआ था। पिछले तीन महीने से यह पूरी तरह बंद पड़ा है। इसके शुरू होने से सैकड़ों विद्यार्थियों को फायदा होता। हेमंत सरकार में चंपाई की बड़ी हैसियत थी हेमंत सोरेन सरकार में चंपाई सोरेन न केवल पूर्व मुख्यमंत्री बल्कि जल संसाधन मंत्री के रूप में ‘नंबर टू’ के पोजिशन पर थे। अधिकारियों और मंत्रियों के बीच उनकी विशेष हैसियत थी। किंतु झामुमो से 40 वर्ष पुराना नाता तोड़ने के बाद उनकी योजनाओं पर भी ब्रेक लगा दिया गया। अब इन योजनाओं का भविष्य अनिश्चित है। आदित्यपुर-कांड्रा रोड के व्यस्ततम क्षेत्र आदित्यपुर और गम्हरिया मेन रोड पर एक-एक फ्लाईओवर का प्रस्ताव है। अभी इसका डीपीआर तैयार किया जा रहा है। रांची मुख्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद ही निर्माण कार्य आगे बढ़ेगा। – अशोक रजक, ईई, पथ निर्माण विभाग, सरायकेला प्रमंडल मेरे विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, पूरे झारखंड में योजनाओं का काम धीमी गति से चल रहा है। केवल औपचारिकता पूरी की जा रही है। जनता को गुमराह किया जा रहा है। अभी मैं वेट एंड वॉच की स्थिति में हूं। यदि आगे भी काम नहीं हुआ तो सरकार के खिलाफ बिगुल फूंकूंगा।- चंपाई सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री


