कुम्हार महासंघ की बैठक हुई, माटी कला बोर्ड गठन की मांग

झारखंड प्रजापति कुम्हार महासंघ की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक मंगलवार को विधानसभा सभागार में हुई। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष देवनारायण प्रजापति और संचालन प्रदेश महामंत्री सह माटी कला बोर्ड के पूर्व सदस्य ईश्वरचंद्र प्रजापति ने किया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि महासंघ को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने के लिए जिला प्रवास अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक जिले में संयोजक और सह-संयोजक का गठन किया गया। साथ ही संगठन को गांव-गांव तक जोड़ने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। महासंघ ने राज्य सरकार से झारखंड माटी कला बोर्ड के गठन की पुरजोर मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य में कुम्हार समुदाय की संख्या लगभग 32 लाख है, बावजूद इसके समाज को अब तक अपेक्षित हक और सम्मान नहीं मिला। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द माटी कला बोर्ड गठन और कुम्हार समाज को सम्मानजनक हिस्सेदारी सुनिश्चित नहीं की, तो महासंघ आंदोलन की राह अपनाने को बाध्य होगा। बैठक में पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, पूर्व अध्यक्ष श्रीचंद प्रजापति, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र पंडित, सदस्य नीरज प्रजापति समेत महिला, युवा और जिला स्तरीय पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *