लुधियाना में थाना टिब्बा क्षेत्र में अनुसूचित जाति के सफाई कर्मचारी के साथ जातिसूचक गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित अविनाश कुमार, नगर निगम लुधियाना में सफाई सेवक के रूप में कार्यरत हैं और वार्ड नंबर 13 का इंचार्ज हैं, ने इस घटना की शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों की गिरफ्तारी ना होने के कारण गुरुवार को एससी भाईचारा के लोगों ने धरना भी दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। गाड़ी की चाबी छिनी, गालियां देकर की मारपीट अविनाश कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि दोपहर करीब 3:20 बजे, जब उनके कर्मचारी कुंदन कुमार और गोविंद वार्ड नंबर 13 के हीरा विहार कॉलोनी (सुभाष नगर) में कूड़ा उठाने गए थे। वहां के निवासी विक्की राणा और उनके साथी अमित ने उनकी गाड़ी (PB-10-FF-7942) को रोक लिया। आरोप है कि विक्की राणा ने गाड़ी की चाबी छीन ली और दोनों कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की। गली में नहीं घुसने देने की दी धमकी जब अविनाश कुमार मौके पर पहुंचे, तो विक्की राणा और अमित ने उनके साथ भी जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि तुम हमारी गली में समय पर कूड़ा उठाया करो, नहीं तो तुम्हें गली में घुसने नहीं देंगे। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विक्की राणा और अमित ने अविनाश कुमार और उनके कर्मचारियों को थप्पड़ मारे और उनकी सरकारी ड्यूटी में बाधा डाली। अविनाश कुमार ने बताया कि वह अनुसूचित जाति से संबंधित हैं और आरोपी इस बात को पहले से जानते थे। नोडल अधिकारी को सौंपी गई जांच थाना टिब्बा के ASI रविंदर कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर विक्की राणा और अमित के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 115(2), 351(2) और अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (SC/ST Act) की धारा 3(1)(r) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच के लिए इसे एससी/एसटी एक्ट के नोडल अधिकारी एसीपी साइबर क्राइम, मुराद जसवीर सिंह को सौंप दिया गया है। पुलिस ने इस मामले की जानकारी कंट्रोल रूम और संबंधित अधिकारियों को दे दी है। साथ ही, विशेष रिपोर्ट तैयार कर क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई है।


