लुधियाना के ढंडारी खुर्द, जसवीर कॉलोनी इलाके में 19 वर्षीय युवती काजल ने शुक्रवार को पड़ोसी की कथित प्रताड़ना से तंग आकर एक फैक्ट्री के बॉयलर टैंक में कूदकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय लोगों ने देखा कि युवती अपने घर की दीवार और फैक्ट्री की ऊंची बाउंड्री वॉल पार करके सीधे टैंक में कूद गई। इस दौरान उसका दुपट्टा टैंक के कंटीले तारों में फंस गया, जिससे घटना पर लोगों का ध्यान गया। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर युवती के परिवार को सूचना दी, जो उसी फैक्ट्री में काम कर रहे थे। पड़ोसी पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
युवती के पिता संजय मेहतो ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी को पिछले कई महीनों से एक पड़ोसी परेशान कर रहा था। आरोपी शादीशुदा और बच्चों का पिता है, लेकिन वह लगातार उनकी बेटी पर शादी का दबाव बना रहा था। युवती ने कई बार उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया, लेकिन आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं। आरोपी को कई बार दे चुके थे चेतावनी
पिता ने यह भी बताया कि उन्होंने आरोपी को कई बार चेतावनी दी थी कि वह उनकी बेटी से दूर रहे, लेकिन उसने उनकी बातों को नजरअंदाज कर दिया। पिता का मानना है कि आरोपी की लगातार प्रताड़ना ने उनकी बेटी को यह कठोर कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती के शव को बॉयलर टैंक से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस युवती के परिवार द्वारा लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों की गंभीरता से जांच कर रही है। फोकल प्वाइंट एसएचओ सब-इंस्पेक्टर कुलवीर सिंह ने बताया कि परिवार के बयान दर्ज करने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी। पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी को सख्त सजा दिलाने का आश्वासन दिया।


