हिमाचल को असम सरकार ने 5 करोड़ दिए:दिल्ली में सीएम को मंत्री फुकन ने सौंपा चेक, कल केंद्रीय मंत्रियों से मिलेंगे सुक्खू

असम सरकार के बिजली, रोजगार और उद्यमिता मंत्री प्रशांत फुकन ने आज (बुधवार को) दिल्ली में हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 5 करोड़ रुपए का चेक सीएम सुक्खू को दिया। हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड के सीनियर मैनेजर लीगल एंड कॉर्पोरेट अफेयर्स राहुल बग्गा ने भी मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 50 लाख रुपए का चेक भेंट किया। असम से पहले त्रिपुरा, हरियाणा और उत्तर प्रदेश भी आपदा ग्रस्त घोषित राज्य हिमाचल को मुख्यमंत्री राहत कोष में 5-5 करोड़ रुपए की मदद कर चुके हैं। बता दें कि सीएम सुक्खू बीते कल ही शाम को दिल्ली पहुंच गए थे। आज उनका केंद्रीय मंत्रियों से मिलने का प्रोग्राम था। मगर, आज किसी से मुलाकात नहीं हो पाई। सीएम सुक्खू अगले कल 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ.अरविंद पनगढ़िया और केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। सीएम सुक्खू 16वें वित्त आयोग अध्यक्ष से मिलकर हिमाचल की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए वित्तायोग से सहयोग का आग्रह करेंगे। सीएम सुक्खू पहाड़ी राज्यों की चुनौतियों और इंफ्रॉस्ट्रक्चर बनाने में आने वाली अधिक लागत को देखते हुए रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट (RDG) को बढ़ोतरी का आग्रह करेंगे। अप्रैल 2026 से लागू होनी है 16वें वित्त आयोग की सिफारिशें सीएम सुक्खू ने कहा कि 15वें वित्तायोग में हिमाचल की RDG में कटौती की गई थी, जिससे हिमाचल को पांच साल तक वित्तीय संकट का सामना करना पड़ रहा है। अब अप्रैल 2026 से नए वित्त आयोग की सिफारिशें लागू होनी हैं। लिहाजा सीएम सुक्खू अगले वित्त आयोग में ज्यादा बजट की मांग को लेकर तीसरी बार डॉ. अरविंद पनगढ़िया से मिलने जा रहे हैं। कांग्रेस संगठन को लेकर हलचल सीएम के दिल्ली दौरे से कांग्रेस संगठन में भी हलचल है। माना जा रहा है कि सीएम सुक्खू पार्टी हाईकमान से भी मिलकर कांग्रेस अध्यक्ष और नया संगठन बनाने का आग्रह कर सकते हैं, क्योंकि प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस के पास 10 महीने 5 दिन से संगठन नहीं है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्य, जिला और ब्लॉक कांग्रेस कार्यकारिणी को भंग कर रखा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *