सरायकेला| उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह द्वारा सनमत संस्था की ओर से संचालित एवं समाज कल्याण विभाग से पोषित कल्याण अस्पताल, कुचाई में मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एंबुलेंस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जानकारी हो कि विगत तीन वर्षों से कल्याण अस्पताल, कुचाई में एंबुलेंस का संचालन बाधित था, जिसे उपायुक्त के दिशा-निर्देश पर पुनः प्रारंभ किया गया है। इस अवसर पर उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि नेत्र, दंत एवं एनसीडी क्लीनिक के लिए आवश्यक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं, ताकि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा प्राप्त हो सके। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील किया कि आवश्यकता पड़ने पर एंबुलेंस सेवा का उपयोग करें और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ उठाएं। भास्कर न्यूज| सरायकेला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के हस्तक्षेप के बाद स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं के लिए एक बड़ी पहल की है। अब जिले की हर गर्भवती महिला को सुरक्षित प्रसव की गारंटी दी जाएगी। इसके लिए सदर अस्पताल और सभी अनुमंडलीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में 24 घंटे निःशुल्क सिजेरियन डिलीवरी की सुविधा शुरू कर दी गई है। उपयुक्त नीतीश कुमार सिंह ने बताया कि यह सुविधा पूरी तरह से सरकारी है और इसके लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने के लिए अनुभवी चिकित्सक और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान अनिवार्य रूप से एएनसी जांच (प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ त्रैमास) कराना होगा ताकि समय रहते किसी भी जटिलता का पता चल सके। साथ ही, महिलाओं को सहिया और एएनएम से संपर्क बनाए रखने और निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं हेल्थ सेंटर और सदर अस्पताल से जुड़ने की सलाह दी गई है। उपायुक्त ने कहा कि मां और शिशु की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों से अपील की है कि वे समय पर जांच कराएं और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। सरायकेला| सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायकेला में शुक्रवार को सभी सामुदायिक हेल्थ ऑफिसर एवं एएनएम को फायर सेफ्टी ट्रेनिंग दी गई। जिला अग्निशमन विभाग की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें चिकित्सा पदाधिकारी डॉ माधुरी, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर संगीता सुंडी, प्रशांत महतो, एएनएम हेमा कांगारी, देविका सरकार आदि उपस्थित थे। उपस्थित सभी स्वास्थ्य कर्मियों को अग्निशमन विभाग द्वारा आग पर तुरंत काबू पाने के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई।


