विक्की कुमार | अमृतसर पिछले दिनों हुई बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोल दी है। शहर की सड़कें पूरी तरह से टूट चुकी हैं और उनमें गहरे गड्ढे हो गए हैं। शहर के पॉश इलाके, जैसे कि रणजीत एवेन्यू और रानी का बाग भी इस समस्या से अछूते नहीं हैं। रणजीत एवेन्यू की सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इसी तरह, रानी का बाग में पुराने ट्रैफिक पुलिस दफ्तर के पास महीनों से बड़ा गड्ढा मौजूद है। लोगों ने उसमें मलबा डालकर काम चलाने की कोशिश की है, जिससे यातायात और भी धीमा हो गया है और अक्सर जाम लग जाता है। शहर के अन्य इलाकों जैसे नाइयां वाला मोड़, ढपई रोड, प्रेम नगर और खासकर पन्नू चौक से गुरुद्वारा बोहड़ी साहिब तक की सड़क की हालत बेहद खराब है। यह सड़क पिछले लगभग 2 साल से टूटी हुई है। बारिश के समय तो यहां सड़क कम और गड्ढे ज्यादा दिखाई देते हैं, जिससे लोग यह कहने पर मजबूर हो गए हैं कि ‘गड्ढे में सड़क है या सड़क में गड्ढे?’ दुकानदार सुरेश कुमार कहा कि ढपई रोड की तरफ जाने वाला रास्ते से ही गड्डे शुरू हो जाते हैं। लकड़ के आरे के बाहर तो हालात ऐसे हैं कि साइकिल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। इस रोड से पन्नू चौक तक भी गड्डे ही गड्डे हैं। यहां सड़कों की मरम्मत को 3 साल हो गए हैं। सरकार से उन्हें काफी उम्मीदे थीं, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। उन्होंने हलके के विधायक से सड़क को जल्द बनाने की मांग की। प्रेम नगर निवासी तारा चंद का कहना है कि करीब 2 साल से सड़क टूटी हुई है। न तो कई पार्षद उनकी सुध लेता है और न ही हलके के विधायक। पन्नू चौक से लेकर गुरुद्वारा बोहड़ी साहिब तक सारी सड़क टूटी हुई है। यह गुरुद्वारा ऐतिहासिक गुरद्वारा है और यहां हर साल होली पर मेला भी लगता है। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा साहिब को रोजाना श्रद्धालु माथा टेकने के लिए भी जाते हैं, उन्हें कई परेशानियां होती हैं। उन्होंने हलके के विधायक से मांग की है कि वह खुद इस सड़क का दौरा जरूर करें और देखे कि यहां के हालात क्या है। उन्हें खुद ही लोगों की परेशानी का अंदाजा भी हो जाएगा। तारा चंद का कहना था कि यहां जब विधायक जसबीर सिंह संधू बने तो उन्होंने इस सड़क का निर्माण करवाया था। सड़क के निर्माण होने के 2 महीने बाद ही उक्त सड़क को पानी की पाइपलाहइन डालने के लिए तोड़ दिया गया। उसे करीब 2 साल का समय हो चुका है, लेकिन उसके बाद अब तक सड़क ही नहीं बनाई गई है। बारिश के समय यहां से गुजरना मुश्किल हो जाता है और हादसे ही होते रहते हैं। जलियांवाला बाग शहीद परिवार समिति के जनरल सेक्रेटरी नैनीश बहल ने कहा कि वह रोजाना ही रणजीत एवेन्यू से गुजरते हैं। यह शहर का पॉश एरिया है और इस सड़क का इतना बुरा हाल है तो शहर की अन्य सड़कों का क्या हाल होगा। उन्होंने बताया कि रणजीत एवेन्यू दशहरा ग्राउंड के बाहर दोनों तरफ सड़कें टूटी पड़ी हैं। बड़े-बड़े गड्डे हैं। बारिश के बाद जब सड़क टूटी तो उसकी बजरी सड़क पर बिखरी पड़ी है, जिससे दोपहियां वाहन स्लिप होते हैं । प्रशासनिक अधिकारी शहर की सड़कों के हालात खुद सड़कों पर उतर कर देख ले तो उन्हें खुद ही पता चल जाएगा। हलका पश्चिम के विधायक जसबीर सिंह संधू का कहना है कि पन्नू चौक की सड़क पानी की पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई थी। एलएंडटी कंपनी ने ही यह सारा काम किया है। यहां पानी की पाइपें डाल दी गई हैं और उसके बाद यहां टेस्टिंग चल रही है कि कहीं से कोई पाइपे लीक तो नहीं हैं। वह कंपनी के अधिकारियों के संपर्क में है और हिदायत दे रखी है कि वह टेस्टिंग का काम पूरा करके जल्द सड़क का निर्माण करे। कंपनी ने सड़क तोड़ी है तो वह ही इस सड़क का निर्माण भी करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके हलके की अलग-अलग इलाके जहां सड़के टूटी है, उन्हें भी जल्द ही ठीक करवाया जाएगा।


