87.65 करोड़ की एफआरपी राशि का भुगतान

भास्कर न्यूज | कवर्धा ग्राम राम्हेपुर में संचालित भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित में मई माह तक ही किसानों को 87.65 करोड़ रुपए की एफआरपी राशि का भुगतान कर दिया गया। इसके अलावा जुलाई 2025 में 27.79 करोड़ रुपए की रिकवरी राशि भी एक ही किस्त में किसानों को अदा कर दी गई। इस प्रकार किसानों को कुल 115.44 करोड़ रुपए से अधिक की राशि प्राप्त हुई है। प्रबंध संचालक जीएस शर्मा ने बताया कि उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और कलेक्टर के मार्गदर्शन में त्योहारों को देखते हुए त्वरित गन्ना किसानों को भुगतान किया गया है। बताया कि देशभर में यह पहला शक्कर कारखाना है जिसने जुलाई माह तक ही एफआरपी और रिकवरी दोनों की संपूर्ण राशि किसानों को चुका दी है। सामान्यतः देश के अन्य कारखानों में यह भुगतान दीपावली के आसपास किया जाता है। कारखाना प्रबंधन ने बताया कि इस वर्ष 4.50 लाख मीट्रिक टन गन्ना पेराई लक्ष्य की पूर्ति के लिए अंशधारी किसानों के साथ-साथ गैर अंशधारी किसानों से भी गन्ना खरीदी की जाएगी। दीपावली के तुरंत बाद पेराई सीजन 2025-26 की शुरुआत करने की योजना है। इसके लिए मील हाउस, बायलर, टरबाइन और 6 मेगावाट को-जन पॉवर प्लांट सहित सभी इकाइयों का मेंटेनेंस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्थापना काल से लेकर अब तक 2024-25 का पेराई सीजन कारखाने के लिए सबसे सफल रहा है। इस सीजन में सर्वाधिक औसत रिकवरी 12.51 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे किसानों को अतिरिक्त आय प्राप्त हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *