भास्कर न्यूज | भोरमदेव शनिवार को सुबह करीब 10 बजे भोरमदेव रोड के समनापुर-रेंगाखार मार्ग पर हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार व सामने से आ रहे ट्रक की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। मोड पर टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन सड़क के किनारे जा घुसे। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं ट्रक चालक बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग की खराब हालत हादसे की सबसे बड़ी वजह है। लंबे समय से सड़क पर गड्ढों की शिकायत की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा। लोगों ने मांग की है कि इस सड़क की मरम्मत कराए। ऐसी लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।


