दाढ़ी| ग्राम पंचायत छिरहा में संचालित स्टेट बैंक के एटीएम में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने गैस कटर से मशीन को काटकर चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि उन्हें इसमें सफलता नहीं मिल सकी और नगदी रकम सुरक्षित रही। दाढ़ी थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए थे, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। इसके बाद उन्होंने एटीएम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन नगदी नहीं निकाल पाए। पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। प्रधान आरक्षक दिवाकर ने बताया कि चोरों की तलाश जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


