थाना उतई पुलिस ने ग्राम उमरपोटी में लगातार दहशत का माहौल बना रहे कुख्यात बदमाश राजा उर्फ राहुल पवार (25) और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्यवाही की है। आरोपी लंबे समय से ग्रामीणों को डराने-धमकाने और गुंडागर्दी करने की वजह से इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ था। बदमाश राजा को डॉन बनने की ख्वाहिश थी। इसलिए वो गांव में अपने आप को बड़ा गुंडा साबित करने के लिए धारदार हथियार लेकर इधर-उधर घूमता रहता था और लोगों को जान से मारने की धमकी देता था। जिससे शादी की इच्छा, उसकी आपत्तिजनक तस्वीर रख कर रहा था ब्लैकमेल
आरोपी राजा गांव की एक लड़की से प्रेम करता था। लेकिन लड़की उसे पसंद नहीं करती थी। इसलिए उसने उस लड़की की आपत्तिजनक तस्वीर अपने पास रखकर उससे जबरदस्ती बात करने और प्यार करने का दवाब बना रहा था। लड़की के मना करने पर उसने उसके और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देता था। यहां तक की पीड़िता के भाई से कहता था कि मैं तेरी बहन से ही शादी करूंगा और चाकू लहराकर पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना देता था। ग्रामीणों में मन में खौफ बनाना था लक्ष्य
पुलिस के अनुसार आरोपी गांव में लगातार लोगों को मन में खौफ पैदा करना चाहता था। इसलिए वो लोगों को मारने डराने और धमकाने के लिए हथियारों का इस्तेमाल करता था। लंबे समय से आरोपी की दहशत से परेशान गांव के लोगों का कहना है कि पुलिस की यह कार्यवाही बेहद जरूरी थी, जिससे क्षेत्र में शांति का माहौल वापस लौट सके। थाना उतई पुलिस की इस कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। खैरागढ़ से लाता था हथियार
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी ने 11 सितंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी राहुल पवार और उसके नाबालिग साथी ने उमरपोटी में घर के पास गाली-गलौज करते हुए चाकू लहराया और जान से मारने की धमकी दी।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल पवार और नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया। तलाशी में राहुल पवार से 2 नग चाकू और 1 मोबाइल बरामद किया गया। वहीं, घर की तलाशी लेने पर पुलिस ने 1 नग चाकू, 1 गुप्ती और 1 लोहे का स्टिक भी जब्त किया। आरोपी ने हथियार खैरागढ़ से लाने की बात कबूली। न्यायिक रिमांड पर जेल
पुलिस ने आरोपी राजा उर्फ राहुल पवार और विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी को चाकू और अन्य हथियार सप्लाई करने वाले लोग कौन हैं।


