बैकुंठपुर | 2025 में जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी है। शुक्रवार को बाजार क्षेत्र में क्षमता से अधिक सवारी ढोने वाले 21 ऑटो चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी चालकों को न केवल समझाइश दी, बल्कि नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई कर उन्हें दंडित भी किया। यह अभियान जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को तय करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है, जिससे सड़क हादसों में कमी लाई जा सके। वर्ष 2025 में अब तक कुल 10,804 वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। इन चालानों के माध्यम से पुलिस ने 41 लाख 70 हजार 500 रुपए का समन शुल्क वसूल किया। पुलिस अफसरों की माने तो इस कार्रवाई से न केवल अपराधों पर अंकुश लगा है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में भी कमी आई है।


