गढ़वा | कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार कांग्रेस पार्टी के खरौंधी प्रखंड अध्यक्ष नवल किशोर यादव के साथ मारपीट करने, धमकी देने, गाली-गलौज करके अपमानित करने और सरकारी पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। इसमें शामिल खरौंधी थाना प्रभारी रवि केसरी पर कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष ओबैदुल्लाह हक अंसारी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधि मंडल की ओर से पुलिस अधीक्षक गढ़वा को ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल की ओर से पुलिस अधीक्षक को दिए गए ज्ञापन में यह उल्लेख किया गया है कि 11 सितंबर को 11 बजे पूर्वाह्न में खरौंधी थाना प्रभारी रवि केसरी ने एक सोची समझी साजिश के तहत कांग्रेस पार्टी के खरौंधी प्रखंड अध्यक्ष नवल किशोर यादव को थाना में बुलाकर मारपीट करके, गाली गलौज करके अपमानित करते हुए, नेतागिरी बंद करने की धमकी देते हुए व झूठा केस में फंसाने का धमकी देकर थाना के हाजत में बंद कर दिया। खरौंधी थाना प्रभारी के इस तरह के व्यवहार और आचरण से पूरा कांग्रेस परिवार मर्माहत और दुःखी है। कांग्रेसियों ने खरौंधी थाना प्रभारी रवि केसरी के विरुद्ध जांचोपरांत कार्रवाई करने की मांग की है। कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष के अलावे जिला प्रवक्ता राहुल दुबे, जिला महासचिव ओमप्रकाश चौबे, त्रिपुरारी सिंह, रंका प्रखंड अध्यक्ष ब्रजेन्द्र चौधरी, केतार प्रखंड अध्यक्ष संजय सिंह खरवार, खरौंधी प्रखंड अध्यक्ष नवल किशोर यादव, खरौंधी प्रखंड कांग्रेस के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष शिव कुमार यादव आदि शामिल थे।


