ग्वालियर से करीब 25 किमी दूर ऊटीला के पास जंगल के अंदर भदावना वाटरफॉल को टूरिस्ट स्पॉट के रूप में विकसित किया जाएगा। यह काम एमपी टूरिज्म बोर्ड 2 करोड़ 27 लाख की लागत से कराएगा। अभी यहां सुरक्षा के इंतजाम न होने के कारण पर्यटक भी यहां दिन में ही घूमने के लिए जाते हैं, शाम गहराते ही वापस लौट जाते हैं। वाटरफॉल के पास रेलिंग और सुरक्षा के इंतजाम न होने की वजह से लोग आए दिन हादसों का शिकार होते रहते हैं। इन सभी अव्यवस्थाओं को खत्म कर इस स्थान को पूरी तरह से पर्यटकों के हिसाब से विकसित किया जाएगा। यहां पार्किंग से लेकर कम्यूनिटी हॉल, गार्डन, रेस्टरूम, ओपन थिएटर आदि का निर्माण होगा। इसका प्रस्ताव एमपी टूरिज्म ने भोपाल भेज दिया है। भोपाल से मंजूरी मिलने के बाद इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। 50 लोगों की क्षमता का रहेगा ओपन थिएटर, पर्यटक के रुकने के लिए बनेंगे रेस्ट रूम शहरवासियों के लिए तैयार होगा नया पर्यटन स्थल भोपाल से प्रोजेक्ट को हरी झंडी मिलते ही भदावना तीर्थक्षेत्र को विकसित करने का काम एमपी टूरिज्म की ओर से शुरू किया जाएगा। यहां पाथ वे, टॉयलेट्स, ब्रिज और रेलिंग का काम चल रहा है। अभी यह स्थान काफी उजड़ा हुआ है, लेकिन बहुत खूबसूरत है। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के साथ पर्यटकों के लिए बुनियादी सुविधाएं भी शुरू की जाएंगी। इससे शहरवासियों को नया पर्यटन स्थल मिल सकेगा। यहां लोग प्रकृति को नजदीक से देख सकेंगे।
-नितिन कटारे, रीजनल मैनेजर एमपी टूरिज्म


